जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई आग लगने की घटनाओं में दुकान में रखे कीमती सामान जल कर राख हो गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक काफी सामान जल चुके थे। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
करंजाकला : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छबीलेपुर स्थित एक किराना की दुकान में बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे आग लग गई। आसपास के लोगों ने उन्हें फोन पर बताया कि दुकान से धुआं निकल रहा है। जब उन्होंने दुकान पर पहुंच कर शटर खोला तो आग पूरे दुकान में फैल चुकी थी। दूसरे मंजिल पर आग पहुंच गई थी। इसकी सूचना उन्होंने अग्नि शमन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह से आग पर काबू किया। राहुल गुप्ता ने बताया कि आग लगने से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान जल गए।
राजाबाजार : स्थानीय बाजार स्थित भोगीपुर कठार निवासी आकाश जायसवाल और रबी जायसवाल की बेकरी व पान की दुकान में बृहस्पतिवार की रात करीब साढे़ दस बजे आग लग गई। तेज धुआं उठते देख अगल-बगल के लोग शटर का ताला तोड़कर सीज फायर गैस व बालू से आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं कर सके। आग की घटना में दुकान में रखे सामान जल गए। दुकानदार आकाश जायसवाल का कहना है कि दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी होगी। आग की घटना में करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सामान जल गए।
खुटहन : स्थानीय चौराहे के बगल पिलकिछा रोड पर स्थित रुद्र आटोमोबाइल की दुकान में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। अगल-बगल के लोगों ने फोन कर दुकान से धुआं उठते देख दौलतपुर पिलकिछा गांव निवासी व दुकानदार जय प्रकाश दूबे को घटना जानकारी दी। सूचना मिलने पर वह दुकान पहुंच गए। शटर खोला तो भीतर आग धधक रही थी। उपकेंद्र पर फोन कर आपूर्ति बंद करायी गई। तब लोगों ने बाहर से पानी फेंककर किसी तरह आग पर काबू किया। दुकानदार जय प्रकाश का कहना है कि करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सामान जल गए।
उधर, जिला अस्पताल में बने एलटू अस्पताल के पीछे एक खाली कमरे में शनिवार की शाम करीब 6 बजे आग लग गई। इसे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।