जौनपुर। किसानों को अब धान बेचने में दिक्कत नहीं होगी। वे अब बिना टोकन के ही क्रय केंद्रो पर धान बेंच सकेंगे। यह व्यवस्था आठ जनवरी से जिले में लागू हो जाएगी। इसके लिए जिम्मेदारों की ओर से तैयारी भी पूरी कर ली गई है। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को बिना टोकन ऑफलाइन किसानों से धान खरीदने का निर्देश दिया जा चुका है।
जिले में कुल आठ लाख 16 हजार किसान हैं। इनकी ओर से एक लाख 47 हजार हेक्टेयर खेत में धान की खेती की गई है। वहीं, कुल 36 लाख 75 हजार कुंतल धान की पैदावार हुई थी। किसान आसानी से धान बेच सकें, इसके मद्देनजर कुल 156 क्रय केंद्र खोले गए हैं, जिनके ओर से एक नवंबर से धान की खरीद की जा रही है, लेकिन हर बार धान खरीदने के नियम में बदलाव होने से जहां किसानों को धान बेचने में दिक्कत हो रही थी। वहीं, क्रय केंद्र प्रभारियों को धान खरीदने में परेशानी होती थी, लेकिन अब न तो धान बेचने में किसानों को कोई समस्या होगी और न ही धान खरीदने में केंद्र प्रभारियों को कोई परेशानी होगी। कारण अब टोकन से धान की खरीद नहीं होगी। अब ऑफलाइन ही धान की खरीद होगी। बता दें कि जिले में अभी तक 15 हजार 931 किसानों से 95 हजार 446 एमटी धान की खरीद हुई है, जबकि एक लाख 51 हजार 900 एमटी धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
आठ जनवरी से धान की खरीद ऑफलाइन होगी। इसके पहले धान की खरीद टोकन के माध्यम से हो रही थी, जिससे किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ता था लेकिन अब यह नियम समाप्त हो जाने से किसान आसानी से क्रय केंद्रों पर धान बेंच सकेंगे। - एनके पाठक, जिला खाद्य विपणन अधिकारी