एटीएम कार्ड की हेराफेरी कर लोगों को ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार रात त्रिलोचन महादेव बाजार से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से नौ एटीएम कार्ड भी बरामद हुए।
आरोपी पूर्वांचल के जिलों में कई वारदात कर चुके हैं। सीओ केराकत अशोक कुमार सिंह के मुताबिक आठ अप्रैल को रेहटी निवासी सुलेखा गुप्ता और नीलम गुप्ता त्रिलोचन महादेव स्थित यूनियन बैंक की एटीएम से पैसे निकालने गई थीं।
वहां चार जालसाज पहले से मौजूद थे। एक बाहर रह गया और तीन मदद के बहाने एटीएम में घुस गए। जालसाजों ने दोनों महिलाओं के कार्ड ले लिए। इसके बाद मदद के बहाने झांसा देकर वे एटीएम कार्ड बदलकर भागने लगे।
महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन वे फरार हो गए। महिलाओं ने जलालपुर पुलिस से शिकायत की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जलालपुर थानेदार आशुतोष तिवारी ने सिपाहियों के साथ त्रिलोचन महादेव पुलिया के पास से दो
आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इनके दो साथी भाग निकले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर के खुजरा चाकीडीह निवासी शबीर खां और चंदवक थाने के अमरौना गांव निवासी अमिताभ के रूप में हुई
है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जौनपुर के अलावा वाराणसी, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर और भदोही जिले में भी एटीएम कार्ड के जरिये वारदात अंजाम दे चुके हैं।