कोतवाली पुलिस हिरासत में 11 बाइक के साथ पकड़े गए चोर।
नगर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की 11 बाइक के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाइक चोरों का यह गिरोह पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय था।
उनके पास से बरामद गाड़ियां इलाहाबाद, प्रतापगढ़, आजमगढ़ आदि जिलों से चुराई गई थीं।पुलिस लाइन के मीटिंग हाल में शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में एसपी रोहन पी कनय ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार की रात सिपाह चौकी प्रभारी अरविंद यादव राजा साहब पोखरा के पास वाहनों की
चेकिंग कर रहे थे। वहीं पर क्राइम ब्रांच के प्रभारी शशिचंद्र चौधरी और राज कालेज के चौकी प्रभारी अमित कुमार भी पहुंच गए। रात में करीब दो बजे सेंट पैट्रिक स्कूल की ओर से तीन बाइक सवार पोखरा की ओर आ रहे थे। पुलिस की गाड़ी देख तीनों गाड़ी मोड़कर सेंट पैट्रिक स्कूल की ओर जाने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ की गई तो सभी टूट गए। तीनों के पास मौजूद बाइक चोरी की थी। बदमाशों ने बताया कि वे जौनपुर समेत आजमगढ़, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ आदि जिलों से बैंक, शापिंग माल आदि स्थानों से बाइक उड़ाते थे।
उसका नंबर प्लेट बदलकर ग्राहकों को जाल में फंसाकर बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग अलग स्थानों से चोरी की 11 बाइक भी बरामद किया। पकड़े गए बदमाशों में मो. यूनूस और गुलाम मुस्तफा निवासी देवीगंज थाना सिकरारा और सोनू मौर्य निवासी अलहदिया थाना बक्शा शामिल हैं।