स्थानीय थाना क्षेत्र के साहबगंज मोहल्ले में शनिवार की रात चोरों ने तीन दूकानों का ताला तोड़कर नकदी समेत 50 हजार से अधिक का माल पार कर दिया। इसी मोहल्ले में दो अन्य दूकानों का भी चोरों ने ताला तोड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके।
सुबह चोरी का पता चलते ही कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर लौट गई। कस्बे में स्थित मनोज कुमार गुप्ता की जनरल स्टोर की दूकान का ताला तोड़कर चोर तीन हजार नकदी समेत पांच हजार का सामान उठा ले गए।
इसी मुहल्ले में अजमेर अहमद की क़ुदरत मोबाइल सेंटर के नाम से दूकान है। दूकान का शटर चांड़ कर छह हजार नकदी समेत 30 हजार का माल पार कर दिया। चोरों ने ग्यासुद्दीन के पेप्सी के गोदाम का शटर चांड़ कर पांच हजार नकदी समेत अन्य सामान उठा ले गए।
चोरों ने इसी बाजार में स्थित न्यू माडर्न इलेक्ट्रानिक व अवधेश पान भंडार का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। रविवार की सुबह जब लोग मार्निंग वाक पर निकले थे तभी किसी की नजर दूकानों के खुले दरवाजे पर पड़ी।
संबंधित दूकानदारों को सूचना दी गई। चोरी का पता चलते ही पूरे कस्बे में शोर मच गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर लौट गई। तीनों दूकानदारों ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।