सुरेरी के पट्टी कीरत राय गांव में आर्थिक तंगी के चलते ठंडा पड़ा चूल्हा।
सुरेरी थाना क्षेत्र के पट्टीकीरत राय (सुल्तानपुर) गांव में रविवार को एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ आत्मदाह कर लिया। तीनों की मौत हो गई। घटना का कारण आर्थिक तंगी बताया जा रहा है।पट्टीकीरत राय (सुल्तानपुर) गांव निवासी बाबर अली उर्फ मुंगुरू साइकल की दूकान पर काम करता है।
उसके पास न तो जमीन है और न ही राशन कार्ड। सुबह दूध लेने के लिए वह गांव में गया था। घर में मौजूद उसकी पत्नी रुखसाना पांच माह की बेटी आलिया और सात वर्ष के हाशिम को लेकर कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने सभी पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया और आग लगा ली।
बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर वहां पहुंचे और दरवाजा तोड़कर आग बुझाई। पांच माह की आलिया की तो मौके पर मौत हो गई जबकि रुखसाना (35) और उसके बेटे हाशिम (7) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों की मानें तो आर्थिक तंगी की वजह से रुखसाना और उसके पति के बीच आए दिन तकरार होती थी। रविवार को जब मुंगुरू बच्ची के लिए दूध लेने जा रहा था तब भी पति पत्नी में तकरार हुई थी।