शहर के अटाला चौराहे पर बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े व्यवसायी के मुनीम को गोली मारकर साढ़े पांच लाख नगद लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल मुनीम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। मुनीम को वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
शहर का भीड़भाड़ वाला इलाका अटाला चौराहा सोमवार को दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। कोतवाली चौराहे पर स्थित फर्म अग्रवाल इंटरप्राइजेज में काम करने वाले शरद मिश्र (उम्र 47 वर्ष) सोमवार को दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे पांच लाख 20 हजार रुपये यूनियन बैंक की मुख्य शाखा में जमा करने के लिए जा रहा था।
वह बाइक से अटाला चौराहे पर पहुंचा था कि पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगे। मुनीम ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं। मुनीम को तीन गोलियां लगीं। वह जमीन पर गिरकर तड़पने पड़ा।
इसके बाद बदमाश रुपये से भरा बैग छीनकर हिंदी भवन की ओर भागे। वहां उनके दो साथी बाइक लेकर उनका इंतजार कर रहे थे। चारों बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए। इसके बाद वहां अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घायल मुनीम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ अभिषेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भुक्तभोगी की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।