जौनपुर जिले के मछलीशहर के भाजपा सांसद बीपी सरोज के पुत्र प्रमोद कुमार के नाम पर रुपये ऐेंठने वाले जालसाज को लोगों ने मंगलवार को पकड़ लिया। मामला सामने आने पर सांसद ने खुद पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव जयपालपुर निवासी ईंट भट्ठा मालिक जीतलाल को एक शख्स ने फोन किया और खुद को सांसद का पुत्र बताते हुए रुपये की मांग की। बताया कि उसे यह रुपये जमीन खरीदने के लिए चाहिए। चार-पांच किस्तों में 1.37 लाख रुपये देने के बाद जीतलाल को शक हुआ तो वह सांसद के घर चला गया। सांसद पुत्र प्रमोद कुमार ने किसी तरह का पैसा मांगने की बात से इनकार किया तो वह सन्न रह गया।
छानबीन में पता चला कि फोन करने वाला शख्स गांव का ही दिनेश गौतम है। ग्रामीणों की मदद से भट्ठा मालिक ने उसे पकड़ लिया व सांसद के मादरडीह स्थित आवास पर ले गया। वहां पूछताछ में उसने पैसे लेने की बात स्वीकार की। सांसद ने इसकी सूचना एसपी और थाने को दी।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने जालसाज को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि पूछताछ में दिनेश ने पैसे लेने की बात स्वीकार की है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। सांसद के पुत्र प्रमोद कुमार का कहना था कि आरोपी दिनेश से उनका कोई संपर्क ही नहीं है।