लाइन बाजार थाने पर खड़ा अवैध शराब से भरा टैंकर।
आबकारी विभाग की टीम ने सोमवार की रात में मुखबिर की सूचना पर लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पीली कोठी के पास खड़े एक टैंकर पकड़ा है जिसमें करीब 25 हजार लीटर शराब बनाने वाली ओवर प्रूफ (ओपी) लदा था। इसे अंबाला से रांची जाना था। आबकारी टीम ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। जो ज्योतिबा फुले नगर के गजरौला थाना क्षेत्र के फोंदापुर निवासी धरमवीर सिंह बताया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक टैंकर जौनपुर में शराब बनाने वाला रसायन ओपी उतारने के फिराक में है। इस सूचना पर चेकिंग शुरू कर दी गई। जहां पीली कोठी के पास एक टैंकर दिखा। चालक से पूछताछ किया गया तो उसने बताया कि वह चंडीगढ़ डिस्टलरी वाटरलर्स लिमिटेड वानपुर पंजाब से लेकर रांची जा रहा है।
सख्ती से पूछताछ पर उसने बताया कि तस्करों के यहां ओपी उतारना था। लेकिन उसने किसी तस्कर का नाम नहीं बताया। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि इसे अंबाला से मेरठ, बरेली, इलाहाबाद, रेनूकोट, हजारी बाग होते रांची जाना चाहिए लेकिन यह जौनपुर आकर ओपी उतारने का प्रयास कर रहा था। इसकी कीमत बाजार में एक करोड़ 25 लाख आंकी गई है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में इंस्पेक्टर अरुण यादव सहित अन्य सिपाही शामिल थे।