चंदवक थाना क्षेत्र के गोमती नदी पर स्थित पुराने पुल से सोमवार को 27 वर्षीय महिला ने अपने तीन साल के बेटे को नदी में फेंक दिया। संयोग ही था कि मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर पड़ गई और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना पर पहुंचे महिला के के घर वाले बच्चे के साथ उसे लेकर चले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला बच्चे के साथ पुल पर कुछ देर खड़ी रही। इसके बाद अचानक उसने अपने तीन साल के बेटे को नदी में फेंक दिया।
बच्चे को नदी में फेंकने के बाद वह चुपचाप पुल पर ही बैठ गई। पुल से बच्चे को नदी में गिरते देख आस पास मौजूद मछुआरे भैय्यालाल नाविक, जवाहिर, कमला और रामकेवल नदी में कूद पड़े। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाल लिया।
बच्चे को लेकर मछुआरे ऊपर पुल पर पहुंचे तो महिला वहां गुमसुम बैठी थी। लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि दो अज्ञात बदमाश उसके पास आए और असलहे के बल पर धमकी दिए कि बच्चे को मार डालो नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।
बदमाश मुंह बांधे हुए थे। हालांकि महिला की यह बात लोगों के गले नहीं उतर रही है। महिला चोलापुर, वाराणसी की निवासी है। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बच्चे व महिला को साथ लेकर घर लौट गए।