शराब पीने से रोका तो युवकों ने घरों और गाड़ियों में तोड़फोड़ की
- फोटो : amar ujala
शराब पीने से रोका तो युवकों ने घरों और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। हमले में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। हमलावरों ने तीन कारों को पूरी तरह तोड़ डाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम सेक्टर-38 में मोहल्ले में सरेआम शराब पी रहे लड़कों को रोका तो उन्होंने अपने साथियों के साथ ईंट, पत्थर और तलवारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने वहां खड़े तीन वाहनों और घरों के शीशे तोड़ डाले। सेक्टर-38 के मकान नंबर 588 में रहने वाले किशोर कु मार ने बताया कि उनके घर के सामने कुछ युवक बैठ कर शराब पी रहे थे। जब उनको मना करने गए तो उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके वाहनों व घरों में तोड़फोड़ की।
जब रोकना चाहा तो उन्होंने महिलाओं के साथ भी जमकर मारपीट की। इसमें दो महिलाएं बेबी (30), फूली देवी (50) और सोनू (22) घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जीएमएसएच-16 अस्पताल में चल रहा है।
किशोर कुमार ने बताया कि हमलावर इसी मोहल्ले के हैं। हमलावरों में रज्जी, राजू, आजाद, रमेश और उनके साथी शामिल हैं। किशोर कुमार ने बताया कि हमला करते हुए युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।