आग लगने के बाद उसे बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण और फायर ब्रिगेड कर्मी।
- फोटो : jounpur
जिले में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को केराकत, मुफ्तीगंज, खुटहन, मीरगंज, मछलीशहर में हुई घटनाएं में कई एकड़ फसल और 14 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गएा। सबसे अधिक तबाही खुटहन के शाहपुर सानी गांव में हुई। केराकत: क्षेत्र के सरायबीरु में वीरेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, यदुनाथ प्रसाद, भृगुनाथ प्रसाद आदि के घर पास ही खेत के बगल में लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से गेहूं की डेढ़ बीघा फसल राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके अलावा ग्राम नरहन और पुरवा में बिजली के तार हवा से आपस में टकरा गए जिससे फूलचन्द गौड़ की मड़ई में आग लग गई। जिसमें गेहूँ व भूसा भरा हुआ था सब जल कर नष्ट हो गया। मुफ्तीगंज: केराकत कोतवाली के सुरतपुर निवासी रामबली यादव के खेत में काट कर रखी गई 15 बीघा गेहूं की फसल जल गई।
खुटहन: शाहपुर सानी गाँव में भीषण अग्निकांड में आठ परिवारों के 36 रिहायशी छप्पर व उसमें रखे लाखों के गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गए। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान एक वृद्ध झुलस कर घायल हो गया। राज नारायण यादव के छप्पर में अचानक लगी आग ने पास के ही तीन छप्परो को चपेट में ले किया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। धधकी आग ने चितबहाल यादव का तीन छप्पर, राजेश यादव का चार, सौरभ, राजबहादुर, बिजय बहादुर, अमर बहादुर के पांच-पांच छप्परो को राख कर दिया।
आग की चिंगारी यहाँ से लगभग चार सौ मीटर दूर बच्चूलाल यादव के घर तक पहुंच गयी। उनका भी पांच छप्पर जल गया। सर्वाधिक क्षति राजेश यादव की हुई है। उनकी पुत्री की शादी 13 मई को तय है। उसके लिए रखे शादी के सामान आग की भेंट चढ़ गए। वही आग बुझाने के चक्कर में 62 वर्षीय चितबहाल यादव झुलस कर घायल हो गए। अगलगी में चार लाख से अधिक की क्षति का अनुमान है।
मीरगंज: स्थानीय क्षेत्र के सेमरहो गांव में विद्युत शार्टशर्किट से लगी आग से राममिलन यादव, रामसुमित यादव की चार बीघा गेहूं की फसल जल गई।
सिकरारा: थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में धीरज मौर्य की झोपड़ी में बधी शाहीवाल नस्ल की गाय की झुलसने से मौत हो गई। बदलापुर: थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में सुबह लगी आग से राजाराम निषाद, लालजी निषाद, दयाराम निषाद, जियालाल निषाद व अच्छेलाल के छ: छप्पर उसमें रखे घर-गृहस्थी के सामान पम्पिंग सेट और लगभग तीस हजार रुपये नगद जलकर राख हो गए।
मछलीशहर: नगर के कृपाशंकर मोहल्ले की धरिकार बस्ती में आग लग गई। जिसमें छप्पर सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया।