जलालपुर के मझगंवा गांव और सिकरारा बाजार में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों से नकदी समेत करीब 14 लाख से अधिक का माल पार कर दिया। सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। जलालपुर के मझगंवाकला गांव निवासी कौशल श्रीवास्तव के परिवार के सभी सदस्य दिल्ली में रहते हैं।
यहां गांव में स्थित घर में ताला लगा था। सोमवार की रात छत के रास्ते चोर आंगन में उतरे। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने के दो हार, 8 कंगन, 10 अंगूठी, कपड़े और 60 हजार नकदी समेत 10 लाख से अधिक का माल समेट ले गए।
मंगलवार की सुबह मकान की छत पर बिखरे कपड़े, टूटी अटैची आदि सामान देख कर पड़ोस के लोगों ने इसकी सूचना दिल्ली में रह रहे कौशल श्रीवास्तव को दी। सूचना पर बुधवार को परिवार के लोग दिल्ली से घर पहुंचे तो वहां का नजारा देख हैरान रह गए।
कमलेश के मुताबिक दस लाख से अधिक का माल चोर उठा ले गए। उधर सिकरारा थाना क्षेत्र के गुलजारगंज बाज़ार निवासी रवि हलवाई की सिकरारा बाजार में मिठाई व जलपान की दूकान है । दूकान के पीछे आवास है । रोज की तरह बीती रात भी रवि और परिवार के लोग पीछे के कमरे में सो रहे थे।
रवि के मुताबिक रात में लगभग 1.30 बजे उसे कुछ खटपट की आवाज सुनाई पड़ी तो वह कमरे से बाहर निकलना चाहे। दरवाजा बाहर से बन्द मिला । वह किसी तरह फोन से अपने भाई को सूचना दिया। घर से लोग पहुंचे और बाहर से दरवाजा खोला तो वह बाहर निकले। दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोर 60हजार नकद तथा साढ़े तीन लाख के सोने चांदी के जेवर उठा ले गये । सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।