रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में सोमवार को भूमि विवाद को लेकर पुलिस की मौजूदगी में हुई फायरिंग के दौरान युवक घायल हो गया। उसे पीएचसी रामपुर ले जाया गया जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर पुलिस पीड़ित युवक के परिवार वालों की तहरीर पर चार नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सूचना पर सीओ हितेंद्र कृष्ण भी मौके पर पहुंच गए।
जमालापुर बाजार के सोनकर बस्ती के पास एक निर्माणाधीन मकान को लेकर जमालापुर पट्टी निवासी पप्पू सिंह एवं अमित कुमार सोनकर के बीच विवाद है। दोनों इस भूमि पर अपना अपना दावा कर रहे हैं। सोमवार को सोनकर परिवार
के लोग विवादित भूमि पर निर्माण करवा रहे थे। आरोप है कि दोपहर में पट्टी गांव से दर्जनों की संख्या में लोग लाठी, डंडा, तमंचा लेकर सोनकर बस्ती में चढ़ आए और मजदूरों को निर्माण बंद करने को कहा। इस दौरान दो पुलिस कर्मी भी
पहुंच गए। अभी वे जानकारी ले ही रहे थे कि तभी फायरिंग शुरू हो गई। जिससे अफरातफरी मच गई और पुलिस वाले भी भाग खड़े हुए। फायरिंग में जितेंद्र सोनकर (22) गोली लगने से घायल हो गया।
फायरिंग के बाद मनबढ़ों ने तोडफ़ोड़ भी की। उधर सूचना पर पहुंचे एमसओ विश्वजीत सिंह ने घायल युवक को पीएचसी रामपुर पहुंचवाया। जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से 315 बोर के खोखे बरामद किए
हैं। घायल जितेन्द्र के भाई अमित सोनकर ने प्रेमबहादुर सिंह, मार्को सिंह, मनोज सिंह एवं पप्पू सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट, फायरिंग और दलित उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।