सुजानगंज में अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री से पकड़ा गया आरोपी।
आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार की सुबह सुजानगंज थाना क्षेत्र के बराई गांव में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। जिसमें पांच के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक गुलाब सिंह सहित अन्य स्टाफ के साथ शुक्रवार की सुबह सुजानगंज थाना क्षेत्र के बराई गांव पहुंचे। वहां अवैध शराब की फैक्ट्री में शराब बनाई जा रही थ्ाा।
इस दौरान 90 लीटर ओपी, 50 पेटी अवैध शराब, छह लीटर कैरेमल, एक बंडल नकली होलोग्राम, एक हजार प्लास्टिक शीशी व दो हजार रैपर व ढ़क्कन बरामद किया। साथ ही पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें बराई निवासी अभियुक्त राय साहब उर्फ लल्लू उर्फ राजू उपाध्याय व उत्कर्ष सिंह, बारा निवासी संजय यादव, पद्दुमपुर निवासी राजेश पटेल व खेमपुर निवासी शैलेष यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस दौरान पुलिस ने राय साहब उर्फ लल्लू उर्फ राजू उपाध्याय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।