थाना क्षेत्र के सराय विक्रम गांव में शुक्रवार की रात एक महिला की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह उसका शव बिस्तर पर मिला था। उसके बेटे ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
सराय त्रिलोकी गांव निवासी राजेश पांडेय की पत्नी शकुंतला पांडेय (45) शुक्रवार की रात अपने टीनशेड वाले मकान के बरामदे में सोई थी। उसका बड़ा बेटा पवन (22) दूसरे कमरे में सोया था। सुबह पड़ोस का एक युवक मोबाइल चार्ज करने
के लिए पवन के घर पहुंचा तो देखा बरामदे में बिस्तर पर शकुंतला का शव पड़ा था। उसका सिर कूंच दिया गया था। बिस्तर और तकिया खून से सने थे। बगल में कुल्हाड़ी रखी थी। यह देख उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां
पहुंच गए। पवन ने दरवाजा खोलना चाहा तो कुंडी बाहर से बंद थी। उसमें बाहर से ताला लगा था और चाभी शकुंतला के बिस्तर पर पड़ी थी। ग्रामीणों ने ताला खोलकर उसे निकाला। पुलिस के मुताबिक बिस्तर के पास मिली कुल्हाड़ी में
खून नहीं लगा था। महिला के हाथ में बास का पत्ता था और पैर में मिट्टी लगी थी। ऐसा लग रहा था कि उसकी हत्या कहीं और कर शव को लाकर बिस्तर पर रख दिया गया हो। मृतका का पति राजेश और छोटा बेटा मिथुन
(18) मुंबई में रहते हैं। घर पर शकुंतला पवन के साथ रहती थी। पवन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।