पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर सरगना समेत आठ को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी की 10 बाइकें, बाइक का एक कटा हुआ इंजन और कई फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट बरामद हुईं।
आरोपी जनपद के अलावा आजमगढ़ और गाजीपुर के रहने वाले हैं। एसपी वीपी श्रीवास्तव ने गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
एसपी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुरुवार को सरायख्वाजा थानाध्यक्ष दिनेश चंद्र मिश्र को सूचना मिली कि बाइक चोर गिरोह के कुछ सदस्य क्षेत्र के एसएस पब्लिक स्कूल के निकट मौजूद हैं।
थानाध्यक्ष ने सूचना क्राइम ब्रांच की टीम को दी और हमराहियों के साथ एसएस पब्लिक स्कूल के पास पहुंच गए। पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने यहां से आठ युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कई जगह
से 10 मोटर साइकल और बाइक का एक कटा इंजन बरामद किया। बताया कि बाइक चोरों का गिरोह पूर्वांचल के कई जिलों में वारदात करता था।
गिरोह के सदस्य एक जिले से बाइक चुराकर फर्जी रजिस्ट्रेशन पेपर तैयार कर दूसरे जिलों में बेच देते थे। पकड़े गए लोगों में हामिद खान निवासी नेवादा सैदपुर गाजीपुर, दीपक सिंह निवासी भुजउआ थाना खानपुर गाजीपुर का है।
दीपू यादव चौरीचौरा गोरखपुर का है। वह अपने परिजनों के साथ सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पूविवि कर्मचारी आवास में रहता है। विवेक यादव कोड़हारा देवगांव आजमगढ़ का निवासी है, पर इस समय उसने सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के
जासोपुर चकिया गांव में अपना ठिकाना बनाया है। अनिल यादव निवासी जेठपुरा थाना सरायख्वाजा, आकाश विश्वकर्मा निवासी डाल्हनपुर सरायख्वाजा, अनुराग यादव निवासी अमेदा खानपुर गाजीपुर, विवेक यादव निवासी खोभरिया सरायख्वाजा जौनपुर का निवासी है।