थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत थानागद्दी के पुरवा जंखिया में शुक्रवार को एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार की दोपहर जखिया में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के पांडेय बस्ती से पूरब दिशा में दो सौ मीटर दूर सिवान मे एक वृद्ध का शव पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार मिश्र हमराहियों संग घटना स्थल पर पहुच गए। चौकी प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने आसपास के लोगो से अज्ञात मृतक के शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक के जेब की तलाशी लेने पर एक मोबाइल व डायरी मिला। फोन में आखिरी काल पर पुलिस ने कॉल किया तो 60 वर्षीय मृतक की पहचान मूलचंद सोनकर थाना जफराबाद के ग्राम टेढ़वा राजेपुर जौनपुर के रूप में हुई। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। जिससे आशंका जताई जा रही कि उनकी हत्या की गई है। मौके पर पहुचे मृतक के साले के बेटे गोविंद फूलपुर निवासी वाराणसी ने बताया कि वह गुरुवार की शाम चार बजे मेरे घर से निकले थे। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।