फिरोजाबाद। मोहल्ला देवकीनगर में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद मायकापक्ष के लोग पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
थाना उत्तर के झील की पुलिया के पास मोहल्ला देवकीनगर निवासी रजनी देवी (22) अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना पर महिला का भाई उमेशबाबू राठौर पहुंचा। मायकापक्ष के आने से पहले ही ससुरालीजन फरार हो गए। आस-पास रहने वाले रिश्तेदार तक गायब हो गए।
सूचना पर सीओ सिटी संजय वर्मा व कार्यवाहक एसएचओ उत्तर हरीश कुमार, उप निरीक्षक सर्वेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है। मृतका के भाई उमेश बाबू राठौर ने बताया कि उसने बहन रजनी देवी की शादी दो वर्ष पूर्व मोहल्ला देवकीनगर निवासी किशन के साथ की थी। शादी के बाद से ही बहन को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। दो दिन पूर्व बहन को लेने भी गया था। आरोप है बहन के पति, सास-ससुर ने फांसी लगाकर हत्या कर दी है।