जौनपुर। जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौराबादशाहपुर क्षेत्र के इमरानगंज गांव निवासी ऊषा कनौजिया(52) अपने भतीजे के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। वह शाम को करीब सवा चार बजे पुलिस लाइन के पास पहुंची थी तभी चलती बाइक से असंतुलित होकर ऊषा सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर परिवार के लोग भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। क्षेत्र के पिलखिनी गांव निवासी किशन कुमार (45) अपने पुत्र नीरज (12) को एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने जिला अस्पताल जा रहे थे। वह बाइक से चोरसंड गांव के पास पहुंचे थे तभी आजमगढ़ से जौनपुर की तरफ जा रहे ट्रेलर की चपेट में आ गए। किशन की मौके पर मौत हो गयी जबकि बेटा नीरज घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने एक घंटे बाद ट्रक को हटवाकर जाम समाप्त करवाया। मृतक तीन बच्चों का पिता था। वह कपड़े की दुकान पर नौकर कर परिवार का भरण पोषण करता था।
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी एंव गांव के कोटेदार रामलखन सरोज (60) रविवार की देर रात कहीं से पैदल घर जा रहे थे। वह जौनपुर रायबरेली हाईवे पर गडिय़वा गांव के पास पहुंचे थे तभी जौनपुर से प्रतापगढ़ की तरफ जा रही टाटा सफारी की चपेट में आ गए। आस पास के लोगों ने पीएचसी पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सतहरिया क्षेत्र के गोवर्धनपुर निवासी धर्मेन्द्र तिवारी (28) रोडवेज बस चालक हैं। वह स्थानीय डिपो में बस खड़ी कर चका सुबह छह बजे जायपालपुर गांव निवासी दिनेश पाल (25) के साथ बाइक से घर जा रहे थे। गोविंद दास पुर हाइवे पुल के नीचे पहुंचे थे तभी ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे दोनों घायल हो गए। पीएचसी से धर्मेंद्र तिवारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुगरडीह गांव के पास सुबह एक टेंपो पलट गया। उसमें सवार सिप्पू (40) निवासी रेलवे स्टेशन भदोही, गंगा प्रसाद (70) निवासी अमाव मधुपुर, मनोज गिरी (35) व जितेंद्र गिरी (30) निवासी चेतीपुर रामनगर सुजानगंज घायल हो गए।
सिंगरामऊ के हरिहरपुर गांव के समीप सोमवार की सुबह रामलला का दर्शन कर अयोध्या से वाराणसी जा रही तीर्थयात्रियों से भरी टूरिस्ट वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें 16 लोग सवार थे। एक यात्री को हल्की चोट आई है। बाकी लोग बाल बाल बच गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वैन में सवार निलेश कुमार, दीपिका, अरूण कुमार, सोनी, उत्तम कुमार, रचना, नितिन, सपना ने बताया कि हम सभी निवासी हैदराबाद के हैं। ट्रेन पकडने टूरिस्ट वैन से वाराणसी जा रहे थे। चालक को नीद आने से हादसा हुआ। चालक मौके से फरार हो गया। सभी को रोडवेज से वाराणसी भेजा गया। शाहगंज क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी त्रिभुवन राजभर (22) पुत्र अखिलेश रविवार की देर शाम अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। मजडीहां गांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से गम्भीर रुप से घायल हो गए।