शाहगंज (जौनपुर)। अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 15-15 हजार रुपये के दो इनामी गैंगेस्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव बताया कि बुधवार की शाम मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश सिंह ने अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र के बड़ागांव हनुमान मंदिर तिराहे के पास से इसी गांव निवासी मो. फैजान को एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध सरपतहां थाने में गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम व गैंगेस्टर एक्ट का मामला दर्ज है। उस पर पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था।
दूसरी ओर गुरुवार को तड़के मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के असरफपुर उसरहट्टा गांव निवासी रिजवान को उसरहट्टा रेलवे क्रासिंग के समीप से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध सरपतहां थाने में गो वध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व 7 सीएलए एक्ट एवं स्थानीय कोतवाली में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है। दोनों पर 15-15 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।