जलालपुर। असबरनपुर गांव स्थित जंगी महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो छात्रों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कालेज के प्राचार्य की तहरीर पर की है। पुलिस के मुताबिक कालेज में वर्चस्व स्थापित करने के लिए छात्रों ने फायरिंग की थी।
दोपहर में कालेज में दो छात्र गुटों में कहासुनी हो रही थी इसी दौरान एक पक्ष से फायरिंग हुई थी। गुरुवार की देर शाम को प्राचार्य डॉ. मिताराम पाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीए तृतीय वर्ष का छात्र देव ज्योतिबाफुले उर्फ देवा वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के दबेथुआ गांव का निवासी है। गुरुवार को वह अपने एक साथी के साथ कालेज पहुंचा और परिसर में मौजूद छात्रों में धौंस जमाने लगा। इस पर छात्रों से विवाद हो गया। छात्रों ने इसकी शिकायत के लिए प्राचार्य के पास जा रहे थे इसी बीच आरोपी छात्र अपने साथी के साथ भागते हुए विद्यालय गेट पर पहुंच गया।कर्मचारी ने गेट बंद कर दिया।
वहां गेट खोलने को लेकर गेटमैन और मनबढ़ छात्र में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान असलहे से हवाई फायर कर करनी शुरू कर दी और गेट खोलकर फरार हो गए। बाद में पुलिस पहुंची और प्राचार्य की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की माने तो फायरिंग के आरोपी एक छात्र को पुलिस ने रात मे ंउसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्राचार्य डॉ. मिताराम पाल का कहना है कि चिह्नित किए गए छात्रों के खिलाफ कालेज प्रशासन भी कार्रवाई करेगा।