शाहगंज। स्थानीय कस्बे के चिरैयामोड़ स्थित एक दुकान पर बुधवार को सुबह चाय पीने से दुकानदार समेत 10 लोग अचेत हो गए। इस घटना से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। सभी को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर सभी को अस्पताल से छुट्टी देे दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चाय, चीनी और दूध के नमूने लिए।
बस्ती व सिद्धार्थनगर जिले के कई लोग शाहगंज कस्बे में चिरैयामोड़ के पास किराए पर मकान लेकर रहते हैं। वे दरी, चादर आदि की फेरी करते हैं। बुधवार की सुबह चिरैयामोड़ पर स्थित मनोज गुप्ता की दुकान पर लोगों ने पहले जलेबी खाई और उसके बाद चाय पी। चाय पीते ही जीत नारायण (65), मदन (36), सचिन (21), संतोष (45) निवासी बेयारा थाना भवानीगंज सिद्धार्थ नगर, निरंजन (45) निवासी खाजेपुर थाना सोन्हा जिला बस्ती, कन्हैया कुमार (36) निवासी महुआरा थाना डुमरियागंज जिला सिद्धार्थनगर, दीपू (22) निवासी शंकरपुर थाना सोनदा जिला बस्ती, अखिलेश (25) निवासी बडनी थाना डुमरियागंज जनपद सिद्धार्थ नगर, शिवकुमार (22) निवासी भवानीगंज, सिद्धार्थनगर अचेत हो गये। स्थानीय निवासियों ने सभी को राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया। लोगों के मूर्छित होने लगे तो दुकानदार मनोज गुप्ता (32) ने भी टेस्ट करने के लिए चाय पी। वह भी अचेत हो गया। उसे नगर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। होश आने पर बीमारों को छुट्टी दे दी गई। मनोज गुप्ता के भाई कुलदीप ने बताया कि सुबह जब चाय बन रही थी उसी वक्त दो अज्ञात लोग दुकान पर आए थे। दोनों ने चाय पी और सिगरेट मांगा। वह सिगरेट लेने दुकान में गए तब चाय बन रही थी। संभव है कि उन लोगों ने चाय में कुछ डाल दिया हो।
पीड़ितों का उपचार करने वाले राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सक डा. एमके प्रजापति का कहना है कि उपचार के बाद सभी को होश आने पर अस्पताल से छोड़ दिया गया। वे किस वजह से लोग अचेत हुए इसका पता नहीं चल सका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रामजी पांडेय को घटना की देर शाम तक जानकारी नहीं थी, उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। पुलिस ने भी घटना की छानबीन की पर कोई नतीजा नहीं निकला। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में एक टीम ने दुकान से चीनी, दूध, चाय पत्ती के नमूने लिए।