मछलीशहर/जफराबाद। मछलीशहर और जफराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार की रात हुई चोरी की अलग अलग घटनाओं में नकदी व जेवरात समेत लाखों का माल चोरों ने पार कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ितों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
मछलीशहर कस्बे के चौहट्टा मोहल्ला निवासी ऑटो पार्ट्स के व्यवसायी विमलेश कुमार श्रीवास्तव शनिवार की रात मकान में ताला बंद परिवार के सभी सदस्यों के साथ भरत मिलाप देखने गए थे। रात में छत के रास्ते चोर आंगन में उतर गए और दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखा 1.70 लाख नकद, सोने का हार, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। परिवार के लोग भोर में लौटकर घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।
जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार अहमदपुर गांव निवासी कुनात निषाद का परिवार नदी के किनारे छप्पर में रहता है। शनिवार की रात मिट्टी की दीवार काटक अंदर घुसे चोर नकदी व जेवरात समेत हजारों का माल पार कर दिया। पीड़ित के मुताबिक एक जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए उसने 40 हजार रुपये बड़ी मुश्किल से जुटाकर रखे थे। बहू की सोने की चेन और अन्य कीमती गहने चोर उठा ले गए। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है।