सिकरारा। स्थानीय बाजार के चौराहे पर स्थित ट्रांसफार्मर से बृहस्पतिवार रात चोरों ने तेल निकाल लिया। इससे ट्रांसफार्मर से जुड़े 100 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली नहीं रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिकरारा विद्युत उपकेंद्र के ककोहिया फीडर से चौराहे के आसपास बिजली की आपूर्ति होती थी। बाद में इसे फतेहगंज से जोड़ दिया गया। सूत्रों की मानें तो यहां जमीन पर फाउंडेशन बनाकर 100 केवीए का टांसफार्मर रखा गया है, जो दो माह में दो बार जल गया है। बाद में इसकी क्षमता बढ़ाकर 250 केवीए की गई। इसके बाद फाल्ट कुछ कम हुआ, लेकिन बृहस्पतिवार रात चोरों ने ट्रांसफार्मर में डाला गया सारा तेल निकाल लिया। इसकी जानकारी लोगों को सुबह तब हुई, जब ट्रांसफार्मर के आसपास तेल गिरा देखा। लोगों ने इसकी सूचना बिजली कर्मियों को दी। बिजली कर्मियों ने जांच की तो पता चला कि चोरों ने ट्रांसफार्मर का पूरा तेल निकाल लिया है। अब समस्या यह है कि जब तक उसमें तेल नहीं डाला जाएगा, तब तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। जिसको लेकर व्यापारी सहित आम लोग परेशान है। उनकी मानें तो दो -दो बार चंदा कर किसी तरह ट्रांसफार्मर लगवाया गया था ।