करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर के पास बुधवार की शाम करीब सवा सात बजे दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने असलहे के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 80 हजार रुपये, लैपटाप और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
चोलामंडल फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी अरविंद यादव शाहगंज से वसूली कर लौट रहे थे। वह बाइक से शाम करीब सवा सात बजे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर स्थित निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आए दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। असलहे के बल पर बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया और जौनपुर शहर की ओर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक बैग में वसूली का 80 हजार रुपये, लैपटाप, मोबाइल फोन और कंपनी के कागजात थे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने किसी दूसरे के मोबाइल फोन से पुलिस कंट्रोल और सरायख्वाजा थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वायरलेस से सूचना देकर नाकेबंदी कराकर पुलिस ने खोजबीन कराई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सीओ सदर विनय द्विवेदी का कहना है कि लूट की सूचना मिली है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।