मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खाखोपुर बाजार स्थित एक बिल्डिंग मैटीरियल के व्यवसायी को चकमा देकर रविवार को गल्ले में रखा 35 हजार रुपये लेकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है।
खाखोपुर बाजार में शम्भूनाथ यादव रमेश बिल्डिंग मैटेरियल के नाम से दुकान चलाते हैं। शम्भूनाथ के अनुसार लगभग दिन में ढाई बजे के आसपास दो व्यक्ति पेंट और लोहे का तार खरीदने आये। पेंट देने के बाद जब वह तार लाने दुकान के अंदर गए थे तभी दोनो में से एक उनके साथ अंदर गया। दूसरा बाहर खड़ा था। बाहर खड़े व्यक्ति ने मौका देखकर गल्ले में रखा पूरा रुपया निकाल लिया। जब बाहर आये तो उनकी बेटी ने ग्राहक द्वारा रुपया निकालने की बात बताई। जब तक वे कुछ कर पाते तबतक दोनो बाइक पर सवार होकर कुंवरपुर की तरफ भाग निकले। शोर मचाने पर लोगो ने पीछा किया मगर बदमाशों का पता नहीं चला। घटना की सूचना पीड़ित ने डायल100 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुची । कोतवाल अनिल कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह कहा है कि केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित के मुताबिक कैश बाक्स में 35 हजार रुपये रखे थे।