बक्शा। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में शुक्रवार की रात हुई रामचंद्र गौतम की हत्या के मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया।
कोहड़े सुल्तानपुर गांव निवासी रामचंद्र गौतम (50) शुक्रवार की शाम को घर से दावत में जाने के लिए निकला था। उसकी दावत गांव में ही अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर थी। रात में वह घर नहीं लौटा। सुबह पांच बजे ही पड़ोसी गांव मुस्तफाबाद में सड़क पर उसका शव मिला। डाग स्क्वॉयड की निशानदेही पर घटना का खुलासा हुआ। मृतक के पुत्र विनोद की तहरीर पर पुलिस ने कोहड़े सुल्तानपुर गांव निवासी चन्द्रशेखर उर्फ कल्लू गौतम, महाबल गौतम एवं रामसुमिरन के खिलाफ केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्यारोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दारू के नशे में उनमें मारपीट हुई थी। सड़क पर गिरने से रामचंद्र का सिर फट गया और उसकी मौत हो गई।