जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार बाजार के पास बुधवार की शाम करीब छह बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई ।जबकि बाइक चला रहा महिला का पति और उसकी दूसरी बेटी घायल हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। चालक पति व एक बेटी गंभीर रूप से घायल है ।मौके पर जुटे लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए लोग सड़क जाम करने लगे। लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत करा दिया।
कयार गांव निवासी प्रवेश कुमार यादव (35) अपनी पत्नी रेखा (32), पुत्री प्रिया (2) और श्वेता (40) के साथ किसी रिश्तेदार के घर से घर लौट रहा था। चारो एक ही बाइक पर सवार थे। वे कोठवार बाजार के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे चावल लदे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक के पीछे बैठी रेखा और उसकी दो वर्ष की बेटी प्रिया दाहिनी तरफ गिरी जिससे ट्रक के नीचे आ गई। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया जिससे मौके पर ही मां बेटी की मौत हो गई। जबकि प्रवेश और उसकी चार साल की बेटी श्वेता बायीं तरफ गिरी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक पर पथराव कर दिया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। लोग सड़क जाम करने के लिए रोड पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को मना लिया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।