थानागद्दी। चंदवक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंतरी के पटखौली दलित बस्ती में बुधवार की शाम विवाह समारोह में जयमाल के दौरान उस समय भगदड़ मच गई जब दूल्हे के मामा द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। चंदवक और वाराणसी चोलापुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में भर्ती कराया गया। मामा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मौजूदगी में वैवाहिक रस्म पूरी कराई गई।
जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज निवासी राजमन के बेटे विजय कुमार का विवाह चंदवक थाना क्षेत्र के पटखौली निवासी पारस नाथ की पुत्री ज्योति के साथ बुधवार को हो रही थी। घरातियों ने बारातियों का स्वागत किया। द्वारचार के बाद जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच दूल्हे के मामा हरीपुर निवासी मनोज दूल्हे के पिता राजमन से बंदूक लेकर स्टेज पर चढ़ा। खुशी जताने के लिए फायरिंग करने लगा। गोली मकान के बीम से टकरा गई और छर्रे लगने से कई लोग घायल हो गए। चीख पुकार और घायलों के जमीन पर गिरकर तड़फड़ाने से भगदड़ मच गई। मंगल में अमंगल होते ही घराती-बाराती भागने लगे। सूचना मिलते ही चंदवक और चोलापुर पुलिस भी पहुंच गई। लड़की के चाचा छोटेलाल, लड़के के पिता राजमन और मनोज को हिरासत में ले लिया। घायलों को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डाक्टरों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं। घायलों में जयमाल देखने आयी चोलापुर थाना क्षेत्र के बंतरी मुसहर, संगीता (25), सागर (12), शनि (6), आशिकी (2), अनिता (35), रीना (24) तथा पटखौली चंदवक निवासी सुमित्रा (40), प्रिया (6), आशीष (8) एवं धनावती (45) शामिल हैं। एसपी सिटी अनिल पांडेय का कहना है कि केस दर्ज कर फायरिंग करने वाले मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है।