शाहगंज। फैजाबाद मार्ग स्थित एक ट्रांसपोर्ट के गोदाम से क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने पटाखा व्यवसायी व ट्रांसपोर्ट संचालक को हिरासत में ले लिया है। बरामद पटाखों की कीमत दो लाख रुपये आंकी गई है।
खेतासराय थाना क्षेत्र के गोला बाजार मोहल्ला निवासी मो. जैद की भादी चुंगी पर आतिशबाजी की दुकान है। दुकानदार ने 52 पेटियों में दो लाख रुपये से अधिक के पटाखों को इलाहाबाद भेजने के लिए फैजाबाद मार्ग स्थित शान ट्रांसपोर्ट पर भेजा था, लेकिन जरूरी कागजात न होने के कारण वे गोदाम में ही पड़े रहे। बुधवार की सुबह क्राइम ब्रांच प्रभारी विश्वनाथ यादव, कोतवाल प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने ट्रांसपोर्ट के गोदाम पर छापेमारी कर पटाखा कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से ट्रांसपोर्ट संचालक राजकुमार मोदनवाल व पटाखा करोबारी मो. जैद को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच के दौरान कारोबारी के आतिशबाजी की दुकान का लाइसेंस मार्च में समाप्त हो चुका है। जिसके बाद लाइसेंस का नवीनीकरण नही कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई में जुटी हैै।