शाहगंज (जौनपुर)। बीबीगंज बाजार में कंप्यूटर सेंटर की एक अध्यापिका ने मानदेय नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को सेंटर में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के संचालक और तोड़फोड़ करने वाली शिक्षिका को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के अर्गूपुरकलां गांव निवासी सौरभ गौतम बीबीगंज बाजार स्थित अर्सियां मार्ग पर कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र चलाते हैं। आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के अलीनगर जमोहटा गांव निवासी चंद्र रेखा वहां कंप्यूटर प्रशिक्षक हैं। चंद्ररेखा का कहना है कि संचालक उनको प्रतिमा 4500 रुपये मानदेय देने का वादा किया था। इस हिसाब से उनका 28 हजार रुपया मानदेय का बाकी है। उन्होंने कई बार कंप्यूटर सेंटर के संचालक से पैसे की मांग की लेकिन वह टालते रहे। शुक्रवार उन्होेंने प्रशिक्षण केंद्र पर मानदेय की मांग की तो केंद्र संचालक ने उल्टा-सीधा कहना शुरू कर दिया। आरोप है कि गुस्से में शिक्षिका ने वहां रखे कई कंप्यूटर क्षतिग्रस्त कर दिए। काउंटर पर भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। दोनों ने पुलिस को तहरीर दी है।