स्थानीय थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में सात दिन पहले अबूझ हालत में हुई विवाहिता की मौत के सातवें दिन शुक्रवार को पुलिस ने लाश को कब्र से निकालवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत परिवार के छह सदस्यों पर हत्या का केस दर्ज किया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के कुचौहां गांव निवासी मो. शहजाद ने अपनी बहन बस्बुनन्निशा की शादी करीब छह वर्ष पूर्व स्थानीय थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी जौवाद के पुत्र हैदर अली के साथ की थी। दो फरवरी को बस्बुनन्निशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया था। सूचना पाकर मृतका का भाई शहजाद घटना के एक सप्ताह बाद घर पहुंचा। उसने बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पति समेत परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोप लगाया कि बहन की शादी के बाद से ही ससुरल वाले दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति हैदर अली, ससुर जौव्वाद, ननद शानो, जेठानी गुडिय़ा, चचेरे ससुर इंसान अली, जेठ नौशाद अली के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसडीएम शाहगंज एके सचान की मौजूदगी में पुलिस ने कब्रिस्तान से लाश को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।