शाहगंज। सियालदह एक्सप्रेस में शुक्रवार को हुई जांच में जीआरपी ने तस्करी कर ले जाए जा रहे 65 कछुए बरामद किए। हालांकि कछुओं को ले जाने वाला नहीं पकड़ा गया। जीआरपी अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
जम्मूतवी से कोलकाता जा रही सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार की सुबह शाहगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस दौरान जीआरपी चौकी प्रभारी अतुल्य कुमार पांडेय ने अपनी टीम के साथ ट्रेन की जांच की। इस दौरान एस सिक्स एवं एस सेवेन बोगी के बीच ज्वाइंट पर रखी तीन लावारिस बोरियां मिलीं। पूछताछ के बाद भी जब बोरियों का कोई वारिस नहीं मिता तो जीआरपी ने बोरियां अपने कब्जे में ले ली। तीनों बोरियों से 65 कछुए बरामद किए गए। पुलिस ने अज्ञात तस्करों पर मामला दर्ज कर बरामद कछुओं को नदीं में डलवा दिया। तीन दिन पूर्व भी जीआरपी ने 505 कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया था।