जफराबाद में हुए हादसे में टकराई दो कार
जौनपुर। जिले के मछलीशहर और जफराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार की रात और रविवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो सिपाही समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर में भर्ती कराया गया है।
जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को कार और बाइक की टक्कर में दो सिपाही समेत छह लोग घायल हो गए। जफराबाद थाने पर तैनात सिपाही विहंगल यादव और प्रशांत कुमार पांडेय थाने से निकलकर क्षेत्र में भ्रमण पर जा रहे थे। बाइक से दोनों जगदीश पुर रेलवे क्रांसिंग के पास पहुंचे ही थे कि वाराणसी से लखनऊ की दिशा में जा रही अनियंत्रित कार सामने से आ रही कार से टकरा गई जिससे दूसरी कार असंतुलित होकर सिपाहियों की बाइक से टकरा गई। इस घटना में सिपाही विहंगल यादव, प्रशांत कुमार पांडेय घायल हो गए। साथ ही दोनों कार में सवार चार लोग घायल हो गए। लखनऊ से वाराणसी जा रही प्राइवेट कार में वाराणसी जिले के शिवपुर के निवासी दिव्य वैभव वंशल पत्नी और दो बच्चों के साथ लखनऊ शादी में शामिल होने जा रहे थे। जबकि दूसरी कार में नगर के तीन लोग सवार थे। दोनों कारों में सवार चार अन्य भी चुटहिल हो गए। मौके पर पहुंचे थानेदार सुदेश सिंह ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों कारों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को तड़के पंवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर के निकट दुर्घटना हुई। इलाहाबाद जा रही जौनपुर डिपो की बस अनियंत्रित होकर हाईवे के बगल गड्ढे में चली गई। बस में सवार आजमगढ़ जिले के रानीसराय निवासी घनश्याम (57) घायल हो गए। उनको सीएचसी ले जाया गया जहां से उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को दूसरी बस से आगे के लिए रवाना किया गया।
इसी प्रकार क्षेत्र के परसूपुर तिराहे के पास बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। शनिवार की रात में जफराबाद बाजार निवासी सौरभ (32) निजी कार्य से क्षेत्र में आए हुए थे। उधर मछलीशहर थाना क्षेत्र के जुड़उपुर गांव निवासी प्रेमचंद ( 52 )भी मछलीशहर से घर लौट रहे थे। परसुपुर तिराहे के निकट दोनों की बाइक आमने सामने टकरा गई जिसमें दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।