खेतासराय। स्थानीय थाना क्षेत्र के खुदौली गांव में सोमवार की रात मोहित बिंद के घर में घुसकर चोरों ने नकदी समेत दो लाख का जेवर व अन्य सामान पार कर दिया। दुर्गा मंदिर में रखा एम्प्लीफायर भी चोर उठा ले गए। खुद को घिरता देख चोर पत्थरबाजी करते भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
खुदौली गांव निवासी मोहित बिंद और उनका पूरा परिवार मुंबई रहता है। गांव के बाहर लबे रोड मोहित और उनके भाई प्यारे लाल का मकान है। भतीजे अखिलेश की शादी के सिलसिले में पूरा परिवार मुंबई से घर आया है। दो दिन पहले भतीजे का तिलक था। सोमवार को परिवार वाले गोदभराई की रस्म करने कन्या पक्ष के घर जाने वाले थे। इससे पहले रविवार रात ढाई बजे बोलेरो सवार आधा दर्जन चोर चैनल खोलकर घर में घुस गए। हैंगर पर टंगे पैंट से पर्स, तिलक में मिले लगभग 50 हजार रुपये कीमत के कपड़े समेट लिया। चोरों के हाथ लगे पर्स में 25 हजार रुपये और एटीएम कार्ड था। इसके बाद चोरों ने कमरे में सो रही मोहित और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन खींच ली। दोनों चेन की कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के दौरान जागरण होने पर परिजनों के शोर मचाया तो गांव वाले भी पहुंच गए। इससे पहले चोर दुर्गा मंदिर में रखा एम्प्लीफायर चोरी कर लिया था। ग्रामीणों से घिरता देख चोर पथराव करते बोलेरो में सवार होकर खेतासराय की तरफ भाग गए। सूचना पर यूपी 00 की पुलिस चोरों का पीछा करने के बजाय पीड़ित परिवार से ही पूछताछ करती रही। सुबह थाने आकर रिपोर्ट लिखवाने की बात कहकर पुलिस लौट गई। क्षेत्र में ताबड़तोड़ हो रही चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं।