घनश्यामपुर। बदलापुर कस्बे के हनुमान मंदिर चौराहे पर रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए। इसके पीछे बदमाशों का मकसद क्या था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। वैसे घटना को सुबह नहर पुलिया के पास ओवरटेक करने को लेकर पिकअप चालक से हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर का इंतजार है।
सुबह करीब 9:30 बजे बदलापुर कस्बे के हनुमान मंदिर चौराहे के आस पास की दूकानें खुली थी। उसी दौरान चौराहे से एक बाइक पर सवार दो लोग गुजर रहे थे। बाइक के पीछे बैठा युवक अचानक हवा में फायरिंग करने लगा। फायरिंग करते उसी रफ्तार में बाइक सवार निकल गए। बाइक सवार बदमाशों की इस करतूत से चौराहे पर दहशत फैल गई। कई दूकानदारों ने अपनी दूकान के शटर बंद कर लिए। हालांकि थोड़ी ही देर में माहौल सामान्य हो गया। लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने किस मकसद से फायरिंग की इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। वैसे इस घटना को सुबह नहर पुलिया के पास ओवरटेक करने के लोग पिकअप चालक से हुए विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बदलापुर थाना क्षेत्र के भलुवाही गांव निवासी एक एक युवक पिकअप वाहन से मिनरल वाट की सप्लाई करता है। वह रविवार को सुबह बदलापुर नहर पुलिया के पास पहुंचा था तभी ओवरटेक करने के लेकर बाइक सवार दो युवकों से उसका विवाद हो गया था। दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। जिस वक्त बाइक सवार बदमाशों ने चौराहे पर फायरिंग की उस वक्त वह पिकअप चालक भी अपनी गाड़ी से वहीं पर मौजूद था। लेकिन थाने पर किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। बदलापुर के सीओ विनय कुमार द्विवेदी का कहना है कि फायरिंग की सूचना पुलिस को जरूर है लेकिन अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। (ब्यूरो)