अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक/हिसार।
हिसार जिले के बरवाला कस्बे की एक महिला ने अपने बच्चे को अनाथालय में छोड़ दिया। खरीदार मिलने पर पड़ोसी के बच्चे को उठाकर ढाई लाख में अपना बताकर रोहतक के किला मोहल्ले में बेच दिया। पुलिस ने छापा मारकर न केवल बच्चे को बरामद कर लिया, बल्कि खरीदारी करने वाली महिला से भी पूछताछ की।
सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुनीता ने बताया कि 22 जुलाई को बरवाला पुलिस रोहतक पहुंची और बताया कि चार साल पहले 2013 में बरवाला निवासी पंकज ने शिकायत दी कि उसका 10 साल का बेटा संदिग्ध हालत में लापता है। उसकी तलाश की जाए। हिसार पुलिस बच्चे को ढूंढकर थक गई, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। अब पुलिस ने शक के आधार पर बरवाला की महिला सावित्री से पूछताछ की। पूछताछ में पहले तो वह इधर-उधर की बातें करती रही। सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि उसने बच्चे को रोहतक में किला मोहल्ले की बाला देवी को ढाई लाख में बेच दिया था। पुलिस सावित्री को लेकर रोहतक पहुंची। ओल्ड सब्जी मंडी चौकी पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने शहर के एक अनाथालय का खंगाला रिकॉर्ड
पूछताछ में आरोपी महिला सावित्री ने बताया था कि उसके बच्चे शहर के एक अनाथालय में रह रहे हैं। पुलिस ने उस अनाथालय का रिकॉर्ड खंगाला। पता लगाया कि चार साल में यहां से तो कोई बच्चा गायब नहीं हुआ, न ही किसी को गोद दिया गया। इस तरह का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
पहले अपना बताने लगी बाला, फिर खोला राज
पुलिस के मुताबिक शक के आधार पर पुलिस किला मोहल्ला निवासी बाला देवी के घर पहुंची। पूछताछ में उसने कहा कि यह मेरा बेटा है, लेकिन सख्ती बरतने पर राज खोल दिया। कहा, वह अपने असली बेटे के देहांत के बाद परेशान चल रही थी। उसकी हिसार निवासी सावित्री से एक अनाथालय के पास मुलाकात हुई। सावित्री ने कहा कि उसके तीन बेटे हैं। एक को उसे दे दूंगी। अपना बताकर आरोपी महिला ने उसे ढाई लाख में बच्चा दे दिया, उस समय उसकी उम्र छह साल थी।
बच्चे ले गई बरवाला पुलिस
रोहतक पहुंचे हवलदार जयदीप और महिला कांस्टेबल मोहिनी बच्चे को अपने साथ ले गई, जहां उन्हें उसके माता-पिता को सौंप दिया।
फ्लैग : किला मोहल्ले में बरवाला पुलिस का छापा, चार साल बाद सनसनीखेज खुलासा
हेडिंग : हिसार की महिला ने पड़ोसी के बच्चे को रोहतक में ढाई लाख में बेचा
: खुद के बेटे की मौत के बाद असहाय महसूस कर रही थी रोहतक वासी बाला
: पुलिस बच्चे को लेकर रवाना, सब्जी मंडी चौकी पुलिस ने ढूंढा महिला का पता