डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में हो रहे अवैध खनन के आरोप में पुलिस ने ठेकेदार समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई लेखपाल की तहरीर पर की है।
मुकुरीपुर गांव निवासी रमेश यादव ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत में बताया कि हरिहरपुर गांव की सड़क से लगे खेत से मिट्टी निकाली जा रही है। जबकि नियम है कि किसी भी ग्रामीण सड़क की पटरी से 10 मीटर छोड़कर ही खनन हो सकता है। लेकिन हरिहरपुर गांव में पटरी से सटकर खेत से तीन फीट से अधिक गहराई तक मिट्टी निकाल ली गई है। डीएम से की गई इस शिकायत के बाद एसडीएम केराकत ने लेखपाल से जांच करवाई तो शिकायत सही पाई गई। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने ठेकेदार और दो काश्तकारों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने लेखपाल वीरेंद्र प्रताप की तहरीर के आधार पर मुकुरीपुर निवासी काश्तकार नरायन व शंकर व ठेकेदार नंदलाल निवासी बीरीबारी के विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।