जौनपुर। डीएम सैमुअल पॉल एन ने मंगलवार को देर शाम निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार के निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। श्रमिकों की संख्या, आवश्यक मशीनों और सामग्रियों की उपलब्धता बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाकर समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन ड्रेनेज सिस्टम को इस प्रकार बनाया जाए कि बारिश में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। समस्त आवासीय एवं अनावासीय परिसरों से जल निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मल्टीपरपज हॉल एवं हाई सिक्योरिटी बैरक के कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कर मिट्टी को समतल कर उसे बगीचे के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।मुख्य परिधि दीवार, सर्कल वॉल, पार्टीशन वॉल, कैंपस वाल का स्थलीय निरीक्षण किया। साइट प्रयोगशाला में निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए ब्रेक टेस्ट एवं क्यूब टेस्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाया गया।
कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि बाउंड्री वॉल के शेष कार्यों को एक माह के भीतर पूर्ण करें। ओवरहेड टैंक के समस्त कार्यों को भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। मल्टीपरपज हाल के ग्राउंड फ्लोर स्लैब के कास्टिंग का कार्य, फायर फाइटिंग के कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निकट लाइटनिंग अरेस्टर स्थापित किए जाए, इससे आकाशीय विद्युत से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुष्पराज सिंह , जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरूण यादव, सहायक अभियंता करुणेश अरोडा़, देश दीपक उपस्थित रहे।