जंघई फ्लाईओवर पर जंघई नीभापुर रूट पर गर्डर चढ़ाने का काम पूरा। स्रोत-संवाद
- फोटो : धर्मेंद्र त्यागी
मीरगंज। मछलीशहर से वाराणसी जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 731 बी) पर बन रहे जंघई बाईपास फ्लाईओवर के निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। जंघई-नीभापुर रेलवे रूट पर गर्डर चढ़ाने का महत्वपूर्ण काम बुधवार को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
सोमवार से जंघई और नीभापुर स्टेशन के बीच फ्लाईओवर पर गर्डर रखने का काम शुरू किया गया था। यह कार्य रेलवे और एनएच के उच्च अधिकारियों की देखरेख में लगातार तीन दिन तक चला। कार्य को सुरक्षित रूप से अंजाम देने के लिए प्रतिदिन दो-दो घंटे का रेलवे ब्लॉक लिया गया, ताकि ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित न हो।
बुधवार को अंतिम दिन भी दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक ब्लॉक लेकर काम किया गया। इस पूरे अभियान के दौरान कुल 6 गर्डर सफलतापूर्वक चढ़ाए गए। गर्डर चढ़ाने के इस कार्य के दौरान रेलवे के सीनियर एडीईएन राजेश कुमार यादव, नेशनल हाईवे के अवर अभियंता ओपी प्रसाद और कार्यदायी संस्था स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्ण मूर्ति मुख्य रूप से मौके पर मौजूद रहे।
नेशनल हाईवे के अवर अभियंता ओपी प्रसाद ने बताया कि जंघई फ्लाईओवर पर जंघई से नीभापुर जाने वाले रेलवे रूट के हिस्से में गर्डर चढ़ाने का काम तीन दिन के भीतर तय समय में पूरा कर लिया गया है। अब मजदूरों और मशीनरी को व्यवस्थित करने के लिए चार दिन का अंतराल लिया गया है। इसके बाद जंघई-बरियारपुर रेलवे रूट के हिस्से में भी गर्डर चढ़ाने का काम शुरू किया जाएगा। इस फ्लाईओवर के बन जाने से इस मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।