बक्शा थाने में पुलिस हिरासत में पिटाई से हुई कृष्णा यादव की मौत की जांच सीबीआई कर रही है। मंगलवार को सीबीआई का एक सदस्य बक्शा थाना क्षेत्र के चक मिर्जापुर गांव पहुंचा। आधे घंटे की कार्रवाई के दौरान पीड़ित परिवार को सीबीआई जांच शुरू होने की जानकारी दी। साथ ही जांच शुरू करने के लिए उन्हें जरूरी पेपर रिसीव कराए। साथ ही परिवार के लोगों से हस्ताक्षर भी लिया।
बक्शा थाना क्षेत्र के चकमिर्जापुर निवासी कृष्णा यादव उर्फ पुजारी (25) की 11 फरवरी की रात थाने में पुलिस की पिटाई से मौत हुई थी। मामले में हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच करने का आदेश दिया था। इसी कड़ी में मंगलवार को अपराह्न सीबीआई टीम के सदस्य रत्नेश मिश्र तीन बजे बक्शा थाने पर पहुंचे। जहां से एक कांस्टेबल के साथ पुजारी के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि वे सीबीआई से हैं। हालांकि मृतक के भाई अजय यादव को सिटी स्टेशन पर देर शाम बुलाया। जहां उन्होंने जांच के मामले से संबंधित कागजात रिसीव कराए। भाई अजय यादव व मां सरस्वती देवी को सांत्वना दिया कि मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। टीम के सदस्य को घटना की जानकारी देते हुए मां भावुक हो गई। टीम के सदस्य ने परिजनों को बताया कि अब आप के घर सीबीआई टीम पूछताछ करने आएगी। वे लगभग आधे घंटे तक परिजनों के साथ रहे। वहीं, इस संबंध थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह बताया कि सीबीआई की टीम आई थी। उनके थाने से एक सिपाही के साथ चकमिर्जापुर गांव में गई। जहां सिपाही को दूर करने के बाद कार्रवाई की । एसपी अजय साहनी ने बताया कि सीबीआई को सारे पेपर सौंपा जा चुका है।