ग्राम प्रधान पट्टीदयाल ने सुल्तानपुर वार्ड संख्या 14 के सभासद योगेश यादव और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि बुधवार को सभासद और उसके दो अज्ञात साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया था।
पट्टीदयाल गांव के प्रधान पुष्पेंद्र दुबे (35) बाइक से बुधवार को बदलापुर चौराहे से वापस अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि दिन में एक बजे के करीब वह रामजानकी मोड़ के आगे पहुंचे थे कि पहले से ही घात लगाकर फोरलेन बाईपास पर खड़े सभासद योगेश यादव तथा उनके अन्य दो अज्ञात साथियों ने रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते कि आरोपी अपशब्दों का प्रयोग करने लग, इसी बीच सभासद ने कट्टे की मुठिया से सिर पर वार करके उन्हें घायल कर दिया। प्रधान ने यह आरोप भी लगाया है कि भागते समय योगेश यादव ने जान से मारने की नीयत से उन पर हवाई फायर भी किया। हमलावरों के जाने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से प्रधान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पीडि़त प्रधान पुष्पेंद्र दुबे की तहरीर पर पुलिस सभासद योगेश यादव और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि सभासद और दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।