जफराबाद सीट से बसपा प्रभारी संतोष मिश्र राजा
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर के जफराबाद सीट से बसपा प्रभारी संतोष मिश्र राजा पर शुक्रवार को मारपीट और आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया। जमैथा गांव निवासी अवनीत सिंह, होरीपाल सिंह और संतोषी सिंह ने इस बाबत जफराबाद थाने में तहरीर दी थी।
आरोप लगाया था कि गुरुवार को संतोष मिश्र अपने समर्थकों संग जमैथा पहुंचे। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए कंबल बांटने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर संतोष मिश्र और उनके समर्थकों ने इनके साथ मारपीट की। साथ ही दो मोबाइल भी छीन ले गए।
शोर सुनकर गांव के लोगों को आते देख कर बसपा प्रभारी संतोष मिश्र और उनके समर्थक वाहन समेत भाग निकले। इस संबंध में थाना प्रभारी योगेंद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की गई। जिसके आधार पर बसपा प्रभारी संतोष मिश्र और उनके आठ समर्थकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।