जौनपुर। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय की कोर्ट ने तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी केराकत बसंत शुक्ला को तलब किया है। वह इस समय जिले के ही महराजगंज ब्लाक में इसी पद पर तैनात हैं।
परिवादी सुदर्शन प्रभारी प्रधानाध्यापक हरका बेहड़ा क्षेत्र केराकत ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने शिकायत किया था कि उनके विद्यालय में अनुसूचित जाति की सहायक अध्यापिका सुनीता कुमारी कार्यरत हैं। वादी की अनुपस्थिति में खंड शिक्षा अधिकारी बसंत शुक्ला 20 फरवरी 2014 को पहुंचे और अध्यापिका को जातिसूचक शब्दों से विद्यालय में अपमानित किए थे। जिसकी शिकायत अध्यापिका ने वादी से किया। वादी द्वारा शिक्षा अधिकारी से इस बाबत बात करने पर वह नाराज हो गए। 3 मार्च 2014 को सिहौली चौराहे पर गाड़ी रोक कर अध्यापिका की पैरवी करने पर प्रधानाध्यापक से गाली गलौज किए। साथ ही जान से मारने की धमकी दिए। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया गाली गलौज और धमकी का मामला पाते हुए तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी को तलब किया है।