मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव इटहरा के पास शुक्रवार की रात शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के घुरीपुर गांव निवासी रामलखन सरोज (65) एक शादी समारोह में शामिल होने मुंगराबादशाहपुर आए थे। रात में ही वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही इटहरा गांव के निकट पहुंचे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल रामलखन को आसपास के लोग अस्पताल ले जा रहे थे, तब उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर शिनाख्त कर सूचना परिजनों को दी। शव कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।