जौनपुर। पिछले चुनावों में कम वोट पड़ने वाले मतदेय स्थलों पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें अधिक से अधिक वोटरों को मतदान करने की अपील करते हुए जागरूक किया जाएगा। यह अभियान जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर शुरू हुआ है, जिसके क्रम में शुक्रवार को सदर विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय उड़ली बूथ पर चुनावी पाठशाला आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ सके, इसके लिए वर्ष 2017में हुए विधानसभा चुनाव और वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों पर विशेष रुप से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके लिए विधानसभावार सबसे कम मतदान प्रतिशत वाले 25-25 मतदान केंद्रो का चयन किया गया है। इस मतदान केंद्रो पर किस कारण कम मतदान हुआ। इसकी जानकारी करते हुए उसे दूर करने का कार्य किया जा रहा है। इन मतदान केंद्रो पर बीएलओ, आंगनबाड़ी सहायिका, आशा, सुपरवाइजर, शिक्षक और शिक्षामित्र की ओर से अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान करने के लिए जाएगरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कम मतदान वाले सदर विधानसभा के मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय उड़ली पर चुनावी पाठशाला आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया गया।