जौनपुर के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने परिचित की 19 वर्षीय युवती को तीन लाख रुपये में बेचने की कोशिश करते मंगलवार को तहसील गेट पर रंगे हाथ पकड़ ली गई। युवती के परिजन महिला को पीटने लगे तो वहां मौजूद दलाल भाग निकला। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद परिजनों ने महिला को छोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र में एक गांव की महिला का दूसरे गांव में अपनी रिश्तेदारी में आना जाना था। उसने वहां के एक परिवार से काफी घनिष्ठता बना ली थी। सोमवार को उस परिवार की युवती को अपने घर बुलाया और रात में अपने पास ही रोक लिया। इसके पूर्व उसने एक मानव तस्कर से युवती का तीन लाख रुपये में सौदा तय कर लिया था।
मंगलवार को महिला बहाने से युवती को लेकर मछलीशहर तहसील पहुंच गई। उधर, रात में युवती के घर न आने पर उसके घरवाले उसे खोजते हुए महिला के घर फिर मछली शहर तहसील गेट पर पहुंच गए और महिला को पकड़ कर उसे पीटने लगे। यह देख महिला से बात कर रहा दलाल वहां से भाग निकला। बाद में परिजन युवती को लेकर गांव चले गए।
परिजनों के मुताबिक महिला ने तीन लाख रुपये में उसका सौदा किया था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अवनीश राय ने ऐसी किसी घटना संज्ञान में नहीं होने की बात कही है। वहीं, पूरे बाजार में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।