कोविड-19 महामारी के संबंध में यूट्यूब पर भ्रामक जानकारी साझा करने वाले को कोतवाली पुलिस चेन्नई से गिरफ्तार कर जौनपुर ले आई। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे दो दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के एक गांव का मनमोहन मिश्रा चेन्नई में कारोबार करता है। वह अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। पिछले दिनों उसने अपने यूट्यूब चैनल पर कोविड महामारी को लेकर भ्रामक वीडियो अपलोड किया है। वीडियो को बहुत से लोगों ने साझा किया जो वायरल हो गया। इसे कोतवाली प्रभारी संजीव मिश्रा ने स्वत: संज्ञान में लेकर केस दर्ज कर यूट्यूबर की तलाश शुरू की। पता चला कि वह चेन्नई में है। यहां से चेन्नई गई पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर जौनपुर ले आई। एसपी अजय साहनी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जौनपुर ले आया गया और पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।