एक नवंबर से वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे स्टेडियम में शुरू सेना भर्ती रैली के पहले दिन आजमगढ़ से आए नवयुवकों ने जैसा दम दिखाया, वैसा फिर आगामी तीन दिनों में देखने को नहीं मिला।
इस तरह से एक नवंबर को आए अभ्यर्थियों की दौड़ प्रतियोगिता का सफलता का प्रतिशत 10.16, दो नवंबर को 6.8, तीन नवंबर को 8.8 और सोमवार को 7.04 रहा। यह भर्ती रैली आगामी 21 नवंबर को खत्म होगी।
जौनपुर की मछलीशहर, मड़ियाहूं, जौनपुर और शाहगंज तहसील के 7498 अभ्यर्थियों ने सोमवार की सेना भर्ती रैली के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से 5121 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए और दौड़ में मात्र 361 सफल हुए।
मंगलवार की भर्ती के लिए जौनपुर जिले की केराकत व बदलापुर और गाजीपुर जिले की सैदपुर तहसील के 7351 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करा रखा है। सेना भर्ती में आए अभ्यर्थी हुड़दंग न करने पाएं, इसके लिए पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
अभ्यर्थी के पास से मिलीं दर्द निवारक दवाएं, लौटाया गया
आर्मी भर्ती में लंबाई मापते जवान।
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती रैली में जौनपुर से आए एक अभ्यर्थी के पास से दर्द निवारक दवाएं मिलीं तो उसे मेडिकल बोर्ड ने चेकिंग के बाद लौटा दिया। सेना भर्ती निदेश कर्नल राजेश सिंह ठाकुर ने कहा कि भर्ती के लिए आने वाले अभ्यर्थी किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, दर्द निवारक दवाओं और हारमोन संबंधी दवाओं का सेवन न करें।
स्वस्थ मन से अपनी मेहनत और अभ्यास के दम पर भर्ती में शामिल हों। जांच में पकड़े जाने पर कानूनी पचड़े में फंसने पर भविष्य बर्बाद हो जाएगा।
कोई दिखा खुश तो किसी ने कहा फिर लगाएंगे जोर
सेना भर्ती रैली
- फोटो : अमर उजाला
मऊ के विनोद कुमार यादव दूसरी बार में तो आजमगढ़ के श्रवण गिरि पहली बार में दौड़ प्रतियोगिता में सफल रहे। दोनों बेहद खुश दिखे और उनका कहना था कि हमारी रोजाना सुबह की मेहनत रंग लाई है।
अब आगे की परीक्षा में खरा उतरना है। उधर, दौड़ में असफल जौनपुर के हर्षित सिंह और शिवम सिंह ने कहा कि फिर अच्छे से तैयारी करेंगे। इस बीच पुलिस में सिपाही की भर्ती होगी तो उसके लिए भी प्रयास करेंगे।